अनपरा : तूल पकड़ रहा है विद्यालयों में फीस बृद्धि का मामला

जागरण संवाददाता, अनपरा (सोनभद्र) : अनपरा आवासीय परिसर में संचालित हो रहे विद्यालयों में की गयी फीस वृद्धि का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अभिभावकों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर मनमानी फीस वृद्धि वापस लेने सहित विद्यालय की शिक्षा गुणवत्ता पर सवालिया निशान लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
अभिभावक संघ के पदाधिकारी प्रवेश राज ¨सह उर्फ गमगम, पंकज मिश्रा, आशीष श्रीवास्तव, गोपाल गुप्ता, अमर नाथ शाही, अनूप वर्मा आदि ने आरोप लगाते हुए कहा कि अभिभावक विद्यालय प्रबंधन द्वारा की गयी फीस वृद्धि से आक्रोशित हैं। उन्होंने कहा कि नियमों को ताक पर रखकर विद्यालय प्रबंधन व्यापार करने पर उतारू हो गये हैं। विद्यालय भवन से लेकर अन्य सुविधायें परियोजना प्रबंधन द्वारा मुहैया कराये जाने के बाद भी बेतहाशा फीस वृद्धि को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल को सेंट फ्रांसिस विद्यालय में फीस वृद्धि को लेकर हुई बैठक में तय किया गया था कि डीएवी स्कूल में जो फीस लागू है वही फीस विद्यालय में ली जायेगी। बढ़ी फीस को वापस कर लिया जायेगा, परन्तु अभी तक न तो फीस वृद्धि वापस ली गयी और न ही सुविधाओं पर कोई चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि 20 साल पुराने पैर्टन पर हो रही पढ़ाई तथा विद्यालय में जर्जर मेज व कुर्सियां सहित पंखे यह दर्शाते है कि विद्यालय प्रबंधन छात्रों का शोषण कर रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हमारी मांगें नहीं मानी जायेंगी तो हम आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।