सोनभद्र : केंद्रों पर खुफिया विभाग की नजर, बोर्ड परीक्षा में नकल की गोपनीय सूचना को सीधे शासन को कराएगा अवगत, नकलविहीन परीक्षा कराने की दिशा में उठाया गया है सख्ती भरा कदम

जागरण संवाददाता, सोनभद्र : माध्यमिक शिक्षा परिषद की छह फरवरी से शुरू होने वाली हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं को नकलविहीन कराने के लिए इस बार खुफिया विभाग को भी लगाया जा रहा है। टीम के सदस्य परीक्षा के दौरान होने वाली गतिविधियों के अलावा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं व प्रश्नपत्रों के रखरखाव व अन्य व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे। कहीं से भी गोपनीय सूचना प्राप्त होने पर सीधे शासन को अवगत कराया जाएगा, जिससे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। खुफिया विभाग से जुड़े सूत्रों के मुताबिक परीक्षा में अक्सर नकल कराए जाने की सूचनाएं मिलती है। इस बार सूबे की योगी सरकार में किसी भी तरह से नकल न होने के लिए फरमान जारी किया है। मंगलवार को हुई वीडियो कांफ्रेसिंग में तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो टूक शब्दों में जिलों के डीएम, डीआइओएस और जेडी को व्यक्तिगत तौर पर जिम्मेदारी देते हुए नकल होने पर कार्रवाई करने की बात कही है।

No comments:

Post a Comment