म्योरपुर (सोनभद्र) : प्रधानाध्यापक से शिक्षमित्रों की उपस्थिति प्रमाणित कराने पर आक्रोश



जासं, बीजपुर (सोनभद्र) : म्योरपुर ब्लॉक के जरहां न्याय पंचायत में विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षामित्रों के संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी म्योरपुर द्वारा जारी बयान से शिक्षामित्रों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। शिक्षामित्रों ने कहा कि परिषदीय अध्यापकों के साथ मिलकर खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा शिक्षामित्रों का उत्पीड़न बंद नहीं किया गया तो उन्हें आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ म्योरपुर ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह ने जरहां मंदिर पर हुई बैठक में कहा कि जरहां क्षेत्र के अधिकांश विद्यालय आज भी शिक्षामित्रों के ही सहारे चल रहे हैं। विद्यालयों में तैनात सरकारी अध्यापकों के गायब रहने के बाद अपनी पूरी हाजिरी लगाकर वेतन ले रहे हैं। नया विवाद शिक्षामित्रों के मासिक उपस्थिति पत्रक को प्रधानाध्यापक से प्रमाणित करने के आदेश से उत्पन्न हुआ है। ब्लॉक अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी पहले सरकारी अध्यापकों की विद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करायें। उसके बाद शिक्षामित्रों की उपस्थिति उनसे प्रमाणित करायें। बैठक में शिक्षामित्र राजेश सिंह, विजयी लाल, संतोष मिश्र, प्रमोद त्रिपाठी, वजीफ शेख, रामशंकर देव पांडेय आदि थे।

No comments:

Post a Comment