सोनभद्र : शिक्षामित्रों ने मौन जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन, प्रदेश सरकार पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप, शिक्षामित्रों के कार्य बहिष्कार से परिषदीय स्कूलों में बढ़ी समस्या


Click here to enlarge image
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : प्रदेश सरकार के आश्वासन के बाद भी कोई ठोस निर्णय न लिए जाने से नाराज शिक्षामित्रों ने गुरुवार से पुन: कार्य बहिष्कार और धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। शिक्षक शिक्षामित्र संयुक्त मोर्चा के बैनर तले जिले भर के शिक्षामित्रों ने मौन जुलूस निकालकर बीएसए कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। 1 सुबह करीब दस बजे बीएसए कार्यालय के समक्ष एकत्रित हुए शिक्षामित्रों ने कार्यालय परिसर में ही धरना-प्रदर्शन किया। इसके बाद मौन जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां डीएम को ज्ञापन देकर मांग किया कि हमारे हित में फैसला हो। बीएसए कार्यालय में हुए धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता शशिभूषण त्रिपाठी ने की। उन्होंने कहा कि 17 साल से शिक्षण कार्य कर रहे शिक्षामित्रों के साथ अन्याय हो रहा है। न्यायालय के एक फैसले से हमें हटाया जा रहा है। प्रदेश सरकार से मांग किया कि बीच का रास्ता निकालकर हमारी समस्याओं का समाधान किया जाए। उन्होंने प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। कहा कि 19 अगस्त तक मांग पूरी नहीं की गई तो सत्याग्रह शुरू होगा। जिला संयोजक वकील अहमद खां ने कहा कि सरकार अपनी वादाखिलाफी की मंशा जाहिर कर रही है। उन्होंने शासन को चेतावनी देते हुए कहा कि हम अपने हक की लड़ाई के लिए शासन से आर-पार की लड़ाई भी लड़ेंगे। मुरारे नाथ कुशवाहा, अजीत सिंह, विनोद मौर्या, विजय चौबे ने भी अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। इस मौके पर दिलीप त्रिपाठी, अशोक श्रीवास्तव, वीना मिश्र, राकेश सिंह, अरुण केशरी, अफजल अहमद आदि मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment