जागरण संवाददाता, डाला (सोनभद्र) : चोपन ब्लाक के डाला क्षेत्र में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों को तत्काल बंद कराने व स्कूलों में शुल्क वृद्धि किए जाने से आक्रोशित नगरवासियों का सब्र शुक्रवार को टूट पड़ा। मजदूर श्रम संस्था के नेतृत्व में बाजार स्थित झूलन ट्राली के पास लोगों ने विरोध-प्रदर्शन करते हुए तत्काल कार्रवाई किये जाने की मांग की है। इस दौरान सरकार के आदेशों का पालन न किये जाने से जिला प्रशासन के विरुद्ध भी नारेबाजी की गई।
प्रदेश की योगी सरकार द्वारा गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के संचालन व अत्यधिक शुल्क वृद्धि पर तत्काल रोक लगाये जाने संबंधित आदेशों पर अमल न होने से आक्रोशित नगरवासियों ने सुबह ही वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर स्थित झूलन ट्राली के पास विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर मौजूद संस्था के प्रदेश अध्यक्ष सूरज राय ने कहा कि डाला क्षेत्र में गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इस क्षेत्र में बिना मान्यता के अवैध रूप से संचालित स्कूलों द्वारा शिक्षा के नाम पर व्यवसाय किया जा रहा है। स्कूलों में कापी-किताब बेचे जा रहे हैं। अभिभावकों को भ्रमित कर स्कूलों में बच्चों का दाखिला कराया जा रहा है। परीक्षा होने के बाद मिलने वाला रिजल्ट दूसरे स्कूलों का दिया जा रहा है। कक्षा आठ से लेकर हाईस्कूल तक की कक्षाओं का संचालन अकुशल अध्यापकों द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि सरकार की मनाही के बाद भी गैरकानूनी तरीके से किताब व कांपियों की बिक्री निजी स्कूलों में की जा रही है। अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों में ¨हदी माध्यम से पढ़ाई की जा रही है। इस मामले को जिला प्रशासन गंभीरता से लेकर निजी विद्यालयों की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर धर्मवीर, अंकित, शमशाद, सद्दाम, रामजीत गौतम, पंकज, आदर्श, जय ओम, विवेक, हिमांशु ,मनीष गुप्ता आदि लोग मौजूद थे।