दुद्धी : खण्ड शिक्षा अधिकारी के मासिक टेस्ट परीक्षा की पहल में लापरवाही, अधिकांश विद्यालयों में नहीं ली गई टेस्ट , अविभावक बोले यदि होती है परीक्षा तो सुधरेगा बच्चों की नर्सरी।उपस्थिति कम होने का रोना रोते रहे अध्यापक


दुद्धी। दुद्धी शिक्षा क्षेत्र में सरकारी स्कूलों में बेहतर शिक्षा व्यवस्था देने की मंशा पाले खण्ड शिक्षा अधिकारी राजीव यादव ने अप्रैल माह से स्कूलों में टेस्ट परीक्षा आयोजित करने के आदेश जारी किए हैं जिससे सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था भी कान्वेंट की तर्ज पर हो सकें और अभिभावकों का झुकाव सरकारी विद्यालयों की ओर हो सकें। स्कूलों में बेहतर शिक्षा के लिए खण्ड शिक्षा अधिकारी ने ब्लॉक क्षेत्र के सभी परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में हर महीने के 25-26 तारीख को मासिक टेस्ट परीक्षा लिए जाने की सूचना जारी किया जिससे बच्चों की प्रगति रिपोर्ट के आधार पर उचित शिक्षा दिया जा सकें। लेकिन ब्लॉक क्षेत्र के अधिकांश विद्यालयों में 25 अप्रैल को खण्ड शिक्षा अधिकारी के सूचना को ठेंगा दिखाते हुये अध्यापकों ने मासिक टेस्ट परीक्षा नहीँ लिया जिससे खण्ड शिक्षा अधिकारी के बेहतर शिक्षा देने की कोशिश में अध्यापकों की लापरवाही सामने आ रही हैं। 25 अप्रैल को मासिक टेस्ट परीक्षा की हकीकत जानने के लिए टीम ने ब्लाक क्षेत्र के दर्जनों स्कूलों की जायजा लिया तो पता चला कि अधिकांश विद्यालयों में परीक्षा आयोजित नहीं हुई। ब्लॉक क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय टेढ़ा में मासिक टेस्ट परीक्षा नहीँ ली गई। प्रधानाध्यापक ने बताया कि बच्चों की तैयारी नहीं हो पायी हैं इस लिए परीक्षा 26 को ली जायेगी। वहीं प्राथमिक विद्यालय निमियाडीह में भी मासिक टेस्ट परीक्षा नहीँ ली गई। वहां मौजूद अध्यापकों ने बताया कि हम लोगो को मासिक टेस्ट के सम्बन्ध में कोई सूचना नहीं हैं। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय दिघुल में भी मासिक टेस्ट परीक्षा आयोजित नहीं हुई वहां उपस्थित एक मात्र अध्यापक ने बताया कि ध्यान नहीं था कि आज मासिक टेस्ट परीक्षा लेना है। इसी तरह प्राथमिक विद्यालय बघाड़ू में आज हिंदी एवं अंग्रेजी के स्थान पर गणित की परीक्षा ली गयी।वहां तैनात पांच अध्यापकों में से चार लोग मौजूद मिलें। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय बघाड़ू में केवल एक विषय की मासिक टेस्ट परीक्षा आयोजित हुई। उच्च प्राथमिक विद्यालय बघाड़ू में मौके पर मात्र एक अध्यापक मौजूद मिलें। हालांकि उच्च प्राथमिक विद्यालय बघाड़ू की शिक्षा व्यवस्था एवं बच्चों की उपस्थिति अच्छी रही। 
इस सम्बन्ध में खण्ड शिक्षा अधिकारी राजीव यादव ने कहा कि सभी परिषदीय विद्यालयों में मासिक टेस्ट परीक्षा आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं मासिक टेस्ट परीक्षा तथा शिक्षा व्यवस्था में शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई की जायगी। परीक्षा नहीँ कराने वाले विद्यालयों की जांच होगी। लापरवाही बर्दाश्त कदापि नहीं की जायगी। 
उपस्थिति कम होने का रोना रोते रहे अध्यापक 
दुद्धी ब्लाक क्षेत्र के अधिकांश विद्यालयों में इस समय बच्चों की उपस्थिति बहुत कम देखी जा रही हैं। सरकार के सख्त आदेश के बाद भी सरकारी विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति बढाने में गुरुजी असफल साबित हो रहे हैं तथा लगातार बच्चों की उपस्थिति नहीं होने का रोना रोते रहे हैं। जबकि बुद्धिजीवी लोगों का कहना हैं कि सरकार शिक्षा के नाम पर हर वर्ष करोड़ो रुपये खर्च करती हैं। फिर सरकारी स्कूलों की व्यवस्था नहीं सुधर रही हैं जो चिन्ता का विषय हैं।