मेधावियों की तलाश में हुई परीक्षा, बरती गई सख्ती
Tue, 28 Mar 2017 05:40 PM (IST)
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : राबर्ट्सगंज ब्लाक में सोमवार को मेधावी चयन छात्र परीक्षा हुई। खंड शिक्षा अधिकारी के इस अभिनव पहल को लोगों द्वारा सराहा जा रहा है। न्याय पंचायत स्तर पर हुई परीक्षा में बाजी मारने वाले छात्रों के साथ ही उस स्कूल के शिक्षकों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। दो घंटे चली परीक्षा में कक्षा तीन से आठ तक के कुल 15 सौ छात्रों ने प्रतिभाग किया।
राबर्ट्सगंज ब्लाक के खंड शिक्षा अधिकारी आलोक कुमार ने परिषदीय विद्यालयों के छात्रों का हौसला बढ़ाने के लिए अभिनव पहल की शुरुआत की है। न्याय पंचायत स्तर पर मेधावियों की तलाश के लिए सोमवार को मेधावी चयन परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा में पूर्व माध्यमिक विद्यालय के तीन सौ व प्राथमिक विद्यालय के 12 सौ बच्चों ने प्रतिभाग किया। बच्चों से सामान्य ज्ञान के अलावा विषय पर आधारित प्रश्न पूछे गए। इस ब्लाक के हर विद्यालयों से कक्षा तीन से आठ तक के एक-एक मेधावी छात्रों को परीक्षा में शामिल कर न्याय पंचायत स्तर पर हर कक्षा से एक मेधावियों की तलाश की योजना बनाई गई है। परीक्षा के लिए ब्लाक के 11 न्याय पंचायतों में एक-एक परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा में सुचिता बनाए रखने के लिए तेज तर्रार शिक्षकों को पर्यवेक्षक की भूमिका में उतारा गया था। खंड शिक्षा अधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि न्याय पंचायत स्तर पर हर कक्षा में अव्वल आने वाले छात्रों को पुरस्कृत करने के साथ ही उन्हें प्रमाण पत्र दिया जाएगा। उस स्कूल के स्कूल के शिक्षकों को भी पुरस्कृत व सम्मानित किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment