सोनभद्र(सीके मिश्रा)
जिलाधिकारी प्रमोद कुमार उपाध्याय ने जिले के कार्यालयाध्यक्षों को दायित्वबोध कराते हुए कहा है कि कार्यालयाध्यक्ष खुद 10 बजे से पहले अपने कार्यालय में पहुंचे और 10.30 बजे तक कार्यालय के हाजिरी रजिस्टर को देखें। देर से आने वाले कर्मचारियों का जवाब तलब करते हुए अपने विभागाध्यक्ष के साथ ही जिलाधिकारी को भी अवगत करायें। जिलाधिकारी ने आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा है कि कार्यालयाध्यक्ष विशेष तौर पर कार्यदायी संस्थाओें के रूप में अधिशासी अभियन्ताओं के कार्यालयों में अवर अभियन्ता और सहायक अभियन्ता का मूवमेंट रजिस्टर अद्यतन रखें। अभी शिकायतें मिल रही है कि अधिशासी अभियन्ताओं के कार्यालयों में सहायक अभियन्ता व अवर अभियन्ता समय से नहीं आते और मौखिक रूप से कार्यालय में जाने वाले नागरिकों/जनप्रतिनिधियों को बताया जाता है कि एई व जेई फील्ड यानी साइड पर हैं, जबकि वास्तव में वे मनमाने तरीके से रहते हैं। जेई और एई की फील्ड/साइड अथवा कार्यालय में हाजिरी तय करने के लिए अधिशासी अभियन्तागण अपने-अपने कार्यालयों में अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के मूवमेंट रजिस्टर के साथ ही सहायक अभियन्ता व अवर अभियन्ता का भी मूवमेंट रजिस्टर अद्यतन करायें अन्यथा कार्यालय के जॉच के दौरान मूवमेंट रजिस्टर न पाये जाने अथवा मूवमेंट रजिस्टर रहते हुए अद्यतन न होने की सूरत में सम्बन्धित अधिशासी अभियन्ता की व्यक्तिगत रूप से गैर जिम्मेदारी मानते हुए अधिशासी अभियन्ताओं के ही खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि यह जरूरी नहीं है कि खुले तौर से भी वरिष्ठ अधिकारी कार्यालयों के आकस्मिक निरीक्षण के लिये जाय, जरूरत पड़ने पर गोपनीय तरीके से बिना किसी ऊंचे पद/वरिष्ठ अधिकारी के भेजे बिना ही कार्यालय की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराते हुए कमियां पाये जाने पर गैर हाजिर रहने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों की खबर ली जायेगी।
