प्राथमिक विद्यालय में शुरू हुई अंग्रेजी माध्यम की पढ़ाई घोरावल खंड शिक्षा कार्यालय परिसर में स्थानीय विधायक ने किया कक्षा का शुभारंभ



जागरण संवाददाता, घोरावल (सोनभद्र) : घोरावल खंड शिक्षा कार्यालय परिसर में स्थित प्राथमिक स्कूल में घोरावल विधायक अनिल मौर्य ने अंग्रेजी माध्यम से विद्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर कार्य क्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि आज के समय मे शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है। शिक्षक लगन से पढ़ा रहे हैं, आज का अभिभावक अपने बच्चे को अच्छी शिक्षा देना चाह रहा है। ऐसे समय में अंग्रेजी माध्यम का विद्यालय निश्चित रूप से गरीबों के लिए एक बड़ी आशा के रूप में सफलता को प्राप्त करेगा। प्राथमिक स्कूल में अंग्रेजी माध्यम के कक्षा संचालन के लिए अध्यापक बधाई के पात्र हैं। ऐसे विद्यालयों को शासन स्तर पर पूरी मदद की जायेगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर पंचायत अध्यक्ष संजय जायसवाल ने अपने उद्बोधन में शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। इसके साथ ही प्राथमिक स्कूल में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा शुरू करने के लिए शिक्षकों को बधाई दी। उद्धघाटन अवसर पर आकर्षक कार्यक्रम के आयोजन भी किये गये। कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में अपर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विमला शंकर त्रिपाठी मौजूद रहे। इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी आलोक कुमार यादव, सुनील कुमार सिंह, उदय चंद्र राय, घोरावल कोतवाली प्रभारी विनोद यादव, केपी मौर्य,अशोक सिंह, सुरेंद्र मौर्य, नंद कुमार शुक्ल आदि मौजूद रहे।