म्योरपुर (राजीव मिश्र)
म्योरपुर। स्थानीय विकास खंड के जरहा ग्राम पंचायत में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में लगे हैंडपंप के पानी न देने से छात्र एवं छात्राओं को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय के अध्यापकों द्वारा इसकी सूचना जिम्मेदारों को दिए जाने के बावजूद इसकी मरम्मत नहीं कराई जा सकी है।ग्रामीणों ने भी तत्काल विद्यालय परिसर में स्थित हैण्डपंप की मरम्मत की मांग की है।म्योरपुर ब्लॉक के जरहा ग्राम पंचायत में मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय परिसर में हैंडपंप के पानी छोड़ देने के कारण बच्चों को काफी मुश्किल हो रही है।बच्चो के दस मिनट तक हैंडपंप चलाने के बाद पानी निकलने से उनकी प्यास बुझ रही है, वहीं पानी भी दूषित आ रहा है।इससे बच्चे विद्यालय के बाहर सड़क के किनारे स्थित हैंडपंप से अपनी प्यास बुझा रहे हैं।विद्यालय में एक अन्य हैंडपंप भी स्थित है, लेकिन उसकी भी दशा कमोवेश यही है।विद्यालय में जहां बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ते हैं वही एनपीआरसी कार्यालय भी इसी परिसर में स्थित है।इसके अलावा विद्यालय परिसर से कुछ ही दूरी पर पेयजल के लिए पानी की टंकी भी लगी है जो गत वर्ष उपजिलाधिकारी रहे डॉक्टर विश्राम सिंह के प्रयास से चालू हुई थी।इस पेयजल संयंत्र से भी विद्यालय में कनेक्शन दे दिया जाए तो यहां बच्चों के पेयजल की समस्या का समाधान हो सकता है।विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहन मिश्र ने बताया कि उनके द्वारा ग्राम प्रधान और जिम्मेदारों को सूचना दे दी गई है।उधर हैंडपंप की मरम्मत न होने से बच्चों के अभिभावकों में भी खासा आक्रोश व्याप्त है।अभिभावकों ने तत्काल हैंडपंप मरम्मत कर विद्यालय परिसर में ही पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।