सोनभद्र : बर्खास्त शिक्षकों की बहाली को डीआइओएस को घेरा, आक्रोश बहाली न करने पर मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार करने का ऐलान



Click here to enlarge image
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : राबट्र्सगंज से सटे पुसौली स्थित एक इंटर कालेज से निकाले गए शिक्षकों की बहाली की मांग करते हुए शिक्षक संघ के पदाधिकारियों व शिक्षकों ने गुरुवार को राजा शारदा महेश इंटर कालेज में डीआइओएस का घेराव किया। डीआइओएस वहां मूल्यांकन कार्य का जायजा लेने पहुंचे थे। शिक्षकों चेतावनी दी कि 28 अप्रैल तक बर्खास्त शिक्षकों की बहाली नहीं हुई तो मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार होगा। 1राबट्र्सगंज के राजा शारदा महेश इंटर कालेज में इंटरमीडिएट का मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। गुरुवार को पहला दिन होने की वजह से जिला विद्यालय निरीक्षक प्रभुराम चौहान वहां जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। तभी वहां मौजूद शिक्षकों ने इन्हें घेर लिया। शिक्षकों के विभिन्न यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि जिस तरह से शिक्षकों को एक प्राइवेट स्कूल से निकाला गया है वह ठीक नहीं है। 13 वर्ष की सेवा देने वाले जिन शिक्षकों को वहां से निकाला गया है अब उनके समक्ष रोजी-रोटी का संकट है। इसलिए निकाले गए सभी शिक्षकों को तत्काल बहाल किया जाय। चेतावनी दी कि अगर हमारी मांग पूरी नहीं हुई तो 29 अप्रैल से मूल्यांकन कार्य का बहिष्कार होगा। शिक्षकों के अल्टीमेटम पर डीआइओएस ने कहा कि इस संबंध में संबंधित स्कूल प्रबंधन से वार्ता कर मामले को हल किया जाएगा। घेराव करने वालों में वित्तविहीन शिक्षक संघ (लालबिहारी गुट), माध्यमिक शिक्षक संघ (चेतनारायण गुट), वित्तविहीन शिक्षक महासभा व माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी शामिल रहे। घेराव के शिक्षकों ने प्रदर्शन भी किया। इसमें नन्दलाल शुक्ल, पंकज कुमार पांडेय, उमाकांत मिश्र, जितेंद्र सिंह, सतीश सिंह, राजेंद्र प्रसाद पांडेय, गिरिजेश चतुर्वेदी, राम प्रताप सिंह, जितेंद्र बहादुर, शिवपूजन सिंह, जियाउद्दीन, जयहंिदू चौहान, मुस्तकीन अहमद आदि शामिल थे।