अनपरा : उड़ाकादल नदारद, नहीं पकड़ाया नकलची

अनपरा निज संवाददातासीसीटीवी कैमरों की जद में मंगलवार से ऊर्जांचल के पांच परीक्षा केन्द्रों पर हाईस्कूल-इण्टर की परीक्षाएं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रारम्भ हो गयी। डा. अम्बेडकर सरस्वती विद्यामंदिर इण्टर कालेज में सर्वाधिक 42 परीक्षार्थी हाईस्कूल की परीक्षा में तथा 29 परीक्षार्थी इण्टर की परीक्षाओं में प्रथम दिन गैरहाजिर रहे। शेष चारों परीक्षा केन्द्रों पर अपेक्षाकृत कम बच्चों के अनुपस्थित होने की खबर है। पहले दिन न तो ऊर्जान्चल में कोई भी सचल दल परीक्षाओं का निरीक्षण करने पहुंचा और न ही सेक्टर मजिस्ट्रेट या अन्य अधिकारी ही परीक्षा केन्द्रों पर जांच के लिए पहुंचे लेकिन इसके बावजूद परीक्षा में कहीं पर भी किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिली और न ही कोई नकलची ही पकड़ाया गया। जीआईसी अनपरा में केन्द्र व्यवस्थापक उमेश कुशवाहा ने बताया कि प्रथम पाली हाईस्कूल में हिन्दी में 147, गृहविज्ञान में 234 परीक्षार्थी शामिल हुए जिसमें 18 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इण्टर की हिन्दी में 144 में 2 अनुपस्थित रहे। आदित्य बिड़ला इण्टरमीडिएट कालेज रेनुसागर के केन्द्र व्यवस्थापक जीएस मिश्र ने बताया कि गृह विज्ञान में 120 परीक्षार्थियों में पांच अनुपस्थित, हाईस्कूल हिन्दी में 139 में 14 तथा इण्टरमीडिएट की जनरल हिन्दी में सर्वाधिक 412 परीक्षार्थियों में 16 परीक्षार्थी जहां अनुपस्थित रहे। 23 कमरों में बच्चे परीक्षा दे रहे हैं। सीसीटीवी की निगरानी में पूरी परीक्षा मुकम्मल करायी जा रही है। जीआईसी शक्तिनगर में केन्द्र व्यवस्थापक आरिफ मो. के अनुसार हाईस्कूल में 114 परीक्षार्थियों में एक गैरहाजिर रहा। जबकि इण्टर में 78 में 2 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सामान्य हिन्दी में 106 में से एक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहा। सरस्वती विद्यामंदिर खड़िया में परीक्षा शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई। सघन तलाशी के बाद बच्चों को कक्षों में प्रवेश दिया गया। सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे कार्यरत थे। थानाध्यक्ष अनपरा समेत पुलिस कर्मी भी केन्द्रों पर चक्रमण करते हुए दिखायी दिये।

No comments:

Post a Comment