जागरण संवाददाता, सोनभद्र : माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड से चयनित होने के बाद जिले में आए तीन शिक्षकों को अब तक किसी विद्यालय में कार्यभार ग्रहण नहीं कराया गया है। इससे नाराज शिक्षकों ने मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के समक्ष बेमियादी अनशन शुरू कर दिया। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि जब तक कार्यभार ग्रहण नहीं कराया जाता तब तक आंदोलन चलेगा। 1उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले आंदोलन कर रहे शिक्षकों ने कहा कि एक साल पहले आयोग से चयनित होने के बावजूद अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं कराया गया है। अभिषेक कुमार द्विवेदी, गौरीश नंदन और शिल्पा देवी ने कहा कि आयोग से चयनित होने के बाद सोनभद्र जिला मिला। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में ज्वाइनिंग कराई गई। यहां से आदित्य बिड़ला इंटर कालेज रेणुसागर में भेजा गया। वहां कार्यभार ग्रहण कर शैक्षिक कार्य करने का निर्देश भी डीआइओएस के स्तर से मिला। मगर अब तक वहां कार्य नहीं करने दिया गया। 1पूर्व में हुई वार्ता के दौरान आश्वासन दिया गया था कि जल्द ही मामला हल कर दिया जाएगा। मगर समस्या वहीं की वहीं है। उक्त विद्यालय के शिक्षकों का दो माह का वेतन भुगतान बीते हफ्ते में कर दिया गया लेकिन हम शिक्षकों को कार्यभार नहीं दिया गया। ऐसे में मानदेय भी नहीं मिल रहा है। शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नंदलाल शुक्ला और जिला मंत्री पंकज कुमार पांडेय ने शिक्षकों के आंदोलन को समर्थन का ऐलान किया।

No comments:
Post a Comment