सोनभद्र : स्वेटर वितरण को लेकर प्रदर्शन, राबर्ट्सगंज बीईओ कार्यालय के समक्ष की नारेबाजी, स्कूलों में स्वेटर बाँटने की मांग

परिषदीय स्कूलों में स्वेटर वितरण को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय राबर्ट्सगंज के समक्ष शुक्रवार को प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परिषदीय स्कूलों में स्वेटर का शीघ्र वितरण कराए जाने की मांग की। इस दौरान सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि कड़ाके की ठंड पड़ने के बाद भी परिषदीय स्कूलों में अब तक स्वेटर का वितरण नहीं किया गया है। इससे विद्यालय में आने वाले गरीब बच्चों को ठिठुरते हुए विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है। इसका सीधा असर बच्चों के शरीर पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से बच्चों को जूता तो बांट दिया गया लेकिन मोजा नहीं दिया गया। जो जूता बच्चों को दिया गया है वह भी साइज का नहीं है। इसका नतीजा यह है कि अधिकांश बच्चे अभी बिना जूते के ही कड़ाके की ठंड में विद्यालय आ रहे हैं। श्री यादव ने कहा कि परिषदीय स्कूलों में ज्यादातर स्थानों पर कागजों पर स्वेटर वितरण तो करा दिया गया है लेकिन सभी बच्चों को अब तक स्वेटर नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है। न तो बच्चों को ठीक ढंग से मिड डे मील दिया जा रहा है और न हीं स्वेटर, उनी कपड़े व जूते आदि का सही ढंग से वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र जिले के सभी परिषदीय स्कूलों में स्वेटर का वितरण नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। 

No comments:

Post a Comment