सोनभद्र : बरसात से स्कूल चलो अभियान हुआ प्रभावित, बच्चों की कम संख्या से सर्व शिक्षा अभियान को लग रहा झटका। जलनिकासी के अभाव में कई विद्यालयों में लग जाता है पानी

जागरण संवाददाता, अनपरा (सोनभद्र) : प्राथमिक शिक्षा के महत्व को देखते हुए जहां केंद्र सरकार द्वारा इसे मूल अधिकार घोषित किया गया है वहीं प्रदेश सरकार द्वारा भी सर्वशिक्षा अभियान के तहत विभिन्न योजनायें संचालित की जा रही हैं। शिक्षा के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विद्यालयों में प्रतिवर्ष जुलाई के प्रथम सप्ताह में स्कूल चलो अभियान रैली निकाली जाती है। इस वर्ष जुलाई के प्रारंभ से ही बरसात प्रारंभ हो जाने से स्कूल चलो अभियान रैली को जबरदस्त झटका लगा है। कहीं स्कूलों में पानी भर गया था तो कहीं बारिश के चलते रैली दूसरे स्थान से निकालनी पड़ी। ऐसा ही कुछ पांच दिन पूर्व देखा गया राबट्र्सगंज में। जहां रैली निकालने के मुकम्मल जगह के अभाव में नवीन मंडी समिति परिसर से रैली निकाली गई। 1 कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रह पाये इस संकल्प के साथ सरकार बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में सर्व शिक्षा अभियान के तहत मिड-डे-मील, ड्रेस वितरण, स्कूल चलो रैली आदि योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस वर्ष जुलाई के प्रारंभ से ही बरसात प्रारंभ हो जाने से स्कूल चलो रैली पर व्यापक प्रभाव पड़ा है। इस दौरान कुछ विद्यालयों में तो रैली निकालकर कोरम अवश्य पूरा किया गया है, किंतु कई स्थानों पर अभी भी रैली नहीं निकाली जा सकी है। निचले इलाकों में स्थित विद्यालयों में जलजमाव के कारण पठन-पाठन पर भी व्यापक प्रभाव पड़ रहा है। बरसात के कारण विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति भी कम हो गयी है। 1बचे विद्यालयों में भी निकाली जाएगी रैली -इस संबंध में म्योरपुर के खंड शिक्षा अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि दो-तिहाई से अधिक विद्यालयों में स्कूल चलो रैली निकाली जा चुकी है। मौसम जैसे-जैसे साफ होता जाएगा। बचे विद्यालयों में भी रैली निकाली जाएगी। ब्लाक स्तरीय दो रैलियां भी निकाली जा चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पिपरी प्राथमिक विद्यालय में जल जमाव की समस्या अधिक थी। इसे दूर किया जा चुका है। अनवरत बरसात के बावजूद इस वर्ष अन्य वर्षो की अपेक्षा बच्चों की उपस्थिति अधिक रही है। अधिकांश विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति 60 प्रतिशत रही है।

No comments:

Post a Comment