ओबरा, सोनभद्र : सीट वृद्धि को लेकर छात्र संगठन हुआ आंदोलित, ओबरा पीजी कालेज के कई छात्र संगठनों में आक्रोश



Click here to enlarge image
जागरण संवाददाता, ओबरा (सोनभद्र) : शैक्षिक सत्र शुरू होने के साथ ही ओबरा पीजी कालेज में छात्र आंदोलनों की नींव तैयार होने लगी है। सीट वृद्धि के साथ मेरिट सूची में कथित गड़बड़ी को लेकर कई छात्र संगठन आक्रोशित हो गए हैं। मंगलवार को छात्रसंघ पदाधिकारियों सहित अधिभार बहाली मंच ने बड़े आंदोलन की धमकी दी। आने वाले दिनों में छात्रसंघ चुनाव भी होने हैं ऐसे में कई समस्याएं अगर समय से नहीं सुलझी हैं तो चुनाव में स्थिति बिगड़ सकती है।1 मंगलवार को छात्रसंघ पदाधिकारियों ने सीट वृद्धि की मांग को लेकर कालेज परिसर में नारेबाजी करते हुए प्राचार्य को ज्ञापन दिया। छात्रों ने चेतावनी दी कि अगर गतवर्ष की भांति सीट वृद्धि नहीं की गई तो प्रवेश प्रक्रिया को बाधित कर दिया जाएगा। इस दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष अमरेश यादव, उपाध्यक्ष दीपक कुमार व महामंत्री अनिकेत श्रीवास्तव ने कहा कि चालू वर्ष में कम संख्या में प्रवेश लिया जा रहा है, जबकि गतवर्ष स्नातक प्रथम वर्ष में 600 के करीब सीट पर प्रवेश हुए थे। आदिवासी बाहुल्य जनपद होने के कारण यहां तमाम छात्र आर्थिक रूप से कमजोर हैं। ऐसे में अपेक्षित संख्या में सीट में वृद्धि जरूरी है। छात्रों ने चेतावनी दी कि अगले दो दिनों में सीट वृद्धि नहीं हुई तो 21 जुलाई को धरना देने के साथ प्रवेश प्रक्रिया रोक दी जायेगी। इस दौरान शैलेश कुमार, मुकेश जायसवाल, राजेश यादव राका, शुभम पटेल एवं दिवाकर सिन्हा आदि मौजूद थे।1 मेरिट सूची में गड़बड़ी का आरोप-मंगलवार को अधिभार बहाली मंच ने स्नातक प्रथम वर्ष के लिए जारी मेरिट सूची में गड़बड़ी का आरोप लगते हुए प्राचार्य डा. आइबी सिंह को ज्ञापन सौंपा। मंच के संयोजक आकाश जायसवाल के नेतृत्व में मंच के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कालेज की वेबसाईट पर जारी मेरिट सूची में पारदर्शिता नही है। जारी सूची में अंक नहीं प्रकाशित किया गया है। मंच ने आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान मंच के अध्यक्ष विवेक प्रजापति, सुरेन्द्र माली, रविन्द्र यादव, शिवम सिन्हा, सौरभ सिन्हा, दीपक यादव, सोनू यादव, समीर माली, नितेश मिश्र, आकाश यादव आदि मौजूद थे।

No comments:

Post a Comment