सोनभद्र : बोर्ड परीक्षा समाप्त, मूल्यांकन की बारी। दो केंद्रों पर होगी मूल्यांकन

जागरण संवाददाता, सोनभद्र : 16 मार्च से चल रही माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा शुक्रवार को उर्दू विषय की परीक्षा के साथ ही समाप्त हो गई। अब शिक्षा विभाग के अधिकारी यूपी बोर्ड परीक्षा के कापियों के मूल्यांकन की तैयारी में जुट जाएंगे। 35 दिनों तक चली इस परीक्षा में कुल पांच नकलची पकड़े गए। हाईस्कूल की परीक्षा में 12.87 फीसद और इंटरमीडिएट की परीक्षा 8.14 फीसद परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी।
जिले 88 परीक्षा केंद्रों पर 16 अप्रैल से यूपी बोर्ड के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा शुरू हुई थी। परीक्षा में कुल 51955 परीक्षार्थियों को सम्मिलित होना था लेकिन 5700 परीक्षार्थियों ने परीक्षा ही छोड़ दिया। इतना ही नहीं परीक्षा के दौरान हाईस्कूल के विभिन्न विषयों की परीक्षा में दो और इंटरमीडिएट की परीक्षा में कुल तीन परीक्षार्थी नकल सामग्री के साथ पकड़े जाने के कारण रिस्टीकेट कर दिये गये। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम के अनुसार हाईस्कूल की परीक्षा एक अप्रैल को ही समाप्त हो गई थी। वहीं इंटर की परीक्षा शुक्रवार को संपन्न हुई। अंतिम दिन उर्दू विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा के दौरान अनुपस्थित रहने वालों की संख्या हाईस्कूल में 4000 व इंटरमीडिएट में 1700 रही।


दो केंद्रों पर होगा मूल्यांकन
सोनभद्र : यूपी बोर्ड के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की कापियों का मूल्यांकन इस बार भी जिले के दो केंद्रों पर किया जाएगा। हाईस्कूल के विभिन्न विषयों का मूल्यांकन कार्य राजकीय बालिका इंटर कालेज राब‌र्ट्सगंज व इंटरमीडिएट के विभिन्न विषय का मूल्यांकन राजा शारदा महेश इंटरमीडिएट कालेज में किया जाएगा। 27 अप्रैल से होने वाले इस मूल्यांकन कार्य को लेकर तैयारी अंतिम दौर में है। डिप्टी हेड और परीक्षकों का परिचय पत्र जिला विद्यालय निरीक्षक में आ चुका है।
.........
...नंबर गेम......
51955 परीक्षार्थी थे हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में।
31089 परीक्षार्थी हाईस्कूल के पंजीकृत थे।
20866 परीक्षार्थी इंटरमीडिएट में पंजीकृत थे।
05 परीक्षार्थियों को नकल करते पकड़ा गया।
5700 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा।