ओबरा (सोनभद्र) : छात्रवृत्ति की वेबसाइट में गड़बड़ी, आक्रोश

जासं, ओबरा (सोनभद्र): ओबरा पीजी कालेज के छात्र नेताओं ने गुरुवार को कालेज गेट पर समाज कल्याण अधिकारी का पुतला फूंका। छात्रों ने छात्रवृत्ति की वेबसाइट में गड़बड़ियों को लेकर समाज कल्याण विभाग को जिम्मेदार ठहराया। छात्रसंघ के महामंत्री अनिकेत श्रीवास्तव ने कहा कि गत दिनों जब पहली बार छात्रवृति भरने के लिए वेबसाइट खोली गयी थी तो उसमें 15 से 20 दिन तक वेबसाइट में खराबी से फार्म नहीं भरा जा सका था। अब पुन: 31 दिसंबर से तीन जनवरी तक वेबसाइट खुलने का एलान समाज कल्याण विभाग द्वारा किया गया था परंतु फिर भी वेबसाइट की खामियों से आवेदन स्वीकार नहीं हुआ। छात्रनेता शुभम पटेल ने कहा कि अभी बैक पेपर की परीक्षा दिए छात्रों का अंकपत्र आया है और जो छात्र उत्तीर्ण हैं, छात्रवृत्ति का फार्म नहीं भर पा रहे हैं, क्योंकि उनका अंकपत्र आने से पूर्व ही वेबसाइट बंद कर दिया गया। छात्रनेता रितेश जायसवाल ने कहा कि वेबसाइट में गड़बड़ी से छात्र परेशान है। छात्र-छात्रओं ने मांग की है कि पुन: वेबसाइट खोली जाय व आवेदन स्वीकार किये जाएं अन्यथा आंदोलन किया जायेगा। छात्र नेता अभिषेक सेठ, धीरज चतुर्वेदी, शिवम सिन्हा, आषिफ अहमद, दीपांकर, अभिषेक आग्रहरि, परमेंद्र आदि रहे।
imageview

No comments:

Post a Comment