म्योरपुर, सोनभद्र : एक अध्यापिका के सहारे विद्यालय, ग्रामीणों ने की शिकायत

म्योरपुर : स्थानीय खण्ड शिक्षा क्षेत्र के रनटोला ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय मेनरहवाटोला में एक ही अध्यापक की तैनाती से काफी परेशानी हो रही है।इस संबंध में गांव के लोगों ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र भी दिया मगर अब तक अतिरिक्त अध्यापक की तैनाती नही हो सकी।अभिभावक लालमन, लालबिहारी, रमेश, लक्ष्मण, भगवान सिंह, राजेंद्र आदि का कहना है कि कुछ दिनों पूर्व तक विद्यालय में तीन अध्यापकों की तैनाती थी, तब विद्यालय में सही तरीके से पढ़ाई हो रही थी।कहा कि इस समय विद्यालय में मात्र एक अध्यापिका ही तैनात हैं।इसकी वजह से बच्चे पढ़ नहीं पा रहे हैं।विद्यालय में 90 फ़ीसदी से ज्यादा बच्चों की उपस्थिति रहती है।एक अध्यापिका के छुट्टी जाने पर विद्यालय में काफी परेशानी होती है।अभिभावकों का कहना है कि यदि अतिरिक्त अध्यापक की तैनाती नहीं की गई तो वे अपने बच्चों का नाम कटा देंगे।ग्राम प्रधान दिनेश जायसवाल ने भी इस संबंध में उच्चाधिकारियों से बात की मगर अध्यापक की तैनाती नहीं हो सकी।इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी दिलीप कुमार ने कहा कि अतिरिक्त अध्यापक न होने से विद्यालय में किसी की तैनाती करना संभव नहीं हो पा रहा है।

No comments:

Post a Comment