दबंग प्रधानाध्‍यापक ने अनु‍पस्थित करने पर खंड शिक्षा अधिकारी को पीटा, अधिकारी ने प्रभारी प्रधानाध्यापक के खिलाफ थाने में दी तहरीर

स्थानीय तहसील क्षेत्र के लसड़ाकला ग्राम पंचायत में स्थित प्राथमिक विद्यालय पर शनिवार की सुबह निरीक्षण करने पहुंचे खंड शिक्षाधिकारी द्वारा अनुपस्थित दर्ज करने से नाराज प्रभारी प्रधानाध्यापक ने उन पर हमला कर दिया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक अनुपस्थित पाए गए थे। घटना के संबंध में पीड़ित शिक्षाधिकारी
ने हमलावर शिक्षक के खिलाफ बरदह थाने में तहरीर दी है। 1मार्टीनगंज खंड शिक्षा क्षेत्र में तैनात अधिकारी अवधेश नारायन सिंह शनिवार की सुबह करीब नौ बजे क्षेत्र के लसड़ाकला ग्राम सभा अंतर्गत प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक बालचंद अनुपस्थित पाए गए। शिक्षाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका में प्रभारी प्रधानाध्यापक की अनुपस्थिति दर्ज कर दी। इसके कुछ देर बाद विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक बालचंद विद्यालय में पहुंचे और अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए दबाव बनाने लगे। खंड शिक्षाधिकारी द्वारा इंकार करने पर प्रधानाध्यापक ने उन पर हमला बोल दिया। इस दौरान विद्यालय पर मौजूद शिक्षकों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। घटना के बाबत खंड शिक्षाधिकारी द्वारा बरदह थाने में हमलावर प्रधानाध्यापक के खिलाफ तहरीर दी गई है। इस मामले में बरदह थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार चौधरी ने बताया कि पीड़ित द्वारा तहरीर मिल गई है। घटना की जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।बरदह थाने में ज्ञापन देने पहुंचे खण्ड शिक्षा अधिकारी ’
  • अधिकारी ने प्रभारी प्रधानाध्यापक के खिलाफ थाने में दी तहरीर
  • मार्टीनगंज तहसील क्षेत्र के लसड़ा कला प्राथमिक विद्यालय की घटना