एनसीईआरटी कि किताबों से पढ़ाई का फैसला ठीक मगर किताबों व शिक्षकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चत हो अगले वर्ष जुलाई से शुरू होने वाले नए शैक्षिक सत्र से मान्यता प्राप्त मदरसों में एनसीईआरटी की उर्दू में छपी किताबों से शुरू होगी पढ़ाई-रजिस्ट्रार मदरसा शिक्षा परिषद

 विशेष संवाददाता-राज्य मुख्यालयप्रदेश सरकार ने अगले शैक्षिक सत्र से मान्यता प्राप्त मदरसों में एनसीईआरटी की किताबों से पढ़ाई का फैसला तो किया है, लेकिन सरकार को मांग के मुताबिक पर्याप्त संख्या में किताबें उपलब्ध कराना चुनौती होगा। वहीं किताबों को पढ़ाने के लिए शिक्षक भी तैनात करने होंगे।आल इण्डिया टीचर्स एसोसिएशन मदारिस-ए-अरबिया के महासचिव वहीदुल्लाह खान का कहना है कि राज्य के अरबी-फारसी मदरसों में एनसीईआरटी की किताबें लागू करवाने का फैसला तो अच्छा है, मगर यह किताबें मांग के मुताबिक उपलब्ध होनी चाहिएं। साथ ही इन्हें पढ़ाने वाले शिक्षक भी पर्याप्त संख्या में तैनात किए जाने चाहिए। 'हिन्दुस्तान' से बातचीत में उन्होंने कहा कि अरबी-फारसी मदरसों के शैक्षिक पाठयक्रम में कक्षा नौ व दस यानि आलिया दर्जे में इस वक्त सरकार ने सिर्फ चार शिक्षक ही दिए हैं जबकि इन मदरसों में गणित और अंग्रेजी की पढ़ाई अनिवार्य कर दी गई है। अब एनसीईआरटी की किताबें लागू होने के बाद विभिन्न विषयों की किताबें पढ़ाने के लिए शिक्षक भी तो होने चाहिएं।एक और सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इन मदरसों में धार्मिक शिक्षा भी दी जाती है, क्या एनसीईआरटी धार्मिक शिक्षा की ऐसी किताबें भी उपलब्ध करवाएगा? उन्होंने कहा कि मदरसों में एनसीईआरटी की किताबें पढ़ाने को किसी खास समुदाय या धर्म से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। दरअसल प्रदेश के यह मान्यता प्राप्त और अनुदानित मदरसे अरबी फारसी मदरसे कहलाते हैं और यह मदरसे अरबी-फारसी जैसी भाषाओं को समुचित संरक्षण देने के लिए संचालित किए जा रहे हैं, जैसे संस्कृत की पाठशालाएं और अन्य शिक्षण संस्थान। उधर, उ.प्र.मदरसा शिक्षा परिषद के रजिस्ट्रार राहुल गुप्ता का कहना है कि एनसीईआरटी के पास उर्दू में गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान की किताबें हैं। यह किताबें अब प्रदेश के मान्यता प्राप्त मदरसों में अगले वर्ष जुलाई से शुरू होने वाले नए शैक्षिक सत्र से पढ़ाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस बाबत एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार करा कर जल्द ही शासन को भेजा जाएगा। फिलहाल मौजूदा शैक्षिक सत्र की परीक्षाएं आगामी मार्च-अप्रैल में करवाई जाएंगी। इनके परीक्षा फार्म इसी नवंबर में आनलाइन भरवाए जाएंगे।

No comments:

Post a Comment