सोनभद्र : चार परिचारकों की नियुक्ति निरस्त कार्रवाई, नियुक्ति में तत्कालीन प्रधानाचार्य का स्कैन हस्ताक्षर व डिस्पैच रजिस्टर में पाया गया है छेड़छाड़ होना, जांच की प्रति जिलाधिकारी व उच्चधिकारियों को भी भेजी गई, आरोप है कि अभिलेख में छेड़छाड़ कर की गई थी नियुक्ति
जागरण संवाददाता, सोनभद्र : जंग बहादुर सिंह इंटर कालेज शाहगंज में वर्ष 2010 में हुई चार परिचारकों की नियुक्ति को फर्जी करार देते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने निरस्त कर दिया है। इसके साथ ही जांच और आदेश की प्रति जिलाधिकारी के साथ ही शिक्षा विभाग के उच्चधिकारियों को भी भेज दी है। जांच अधिकारी के मुताबिक नियुक्ति में तत्कालीन प्रधानाचार्य का स्कैन हस्ताक्षर व डिस्पैच रजिस्टर में छेड़छाड़ होना पाया गया है। 1 जिला विद्यालय निरीक्षक राजशेखर सिंह मुताबिक वर्ष 2010 में शाहगंज स्थित जंग बहादुर सिंह इंटर कालेज में चार परिचारकों की नियुक्ति की गई थी। नियुक्ति के कुछ दिनों बाद इनका वेतन भी लगाया गया। इसी बीच एक शिकायतकर्ता ने नियुक्ति प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए जांच कराने की मांग की। जब जांच की गई तो नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह से फर्जी पायी गयी। श्री सिंह ने बताया कि पूरी नियुक्ति प्रक्रिया जिस तत्कालीन प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर दिखायी गई है उनके द्वारा लिखित रूप से कहा गया है कि नियुक्ति में किया गया हस्ताक्षर उनके द्वारा नहीं किया गया है। 1स्कैन हस्ताक्षर लगाया गया है। इतना ही नहीं नियुक्ति से संबंधित पत्रवली जिस डिस्पैच नंबर से जारी करने की बात लिखी गयी है उस डिस्पैच नंबर पर कोई और पत्र जारी किया गया है। इतना ही नहीं कई जगह अलग से खाली स्थान में डिस्पैच नंबर चढ़ाया गया है। ऐसे में जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुभाष चंद्र निवासी लोढ़ी, पुनीत सिंह यादव निवासी धनईपुर सैदपुर गाजीपुर, रामरूप शुक्ल निवासी हरिहरपुर घोरावल व विक्रम कुमार निवासी बकौली, मुड़िलाडीह शाहगंज की नियुक्ति निरस्त कर दी गई है।

No comments:
Post a Comment